ज़रीफ़ और ओग़लू की संयुक्त प्रेस कांफ़्रेंस
ईरान और तुर्की के विदेशमंत्रियों ने अंकारा में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में भाग लिया।
मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ और मौलूद चावूश ओग़लू ने शुक्रवार को अंकारा में क्षेत्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
जवाद ज़रीफ़ ने कहा कि तुर्की की जनतपा ने प्रतिरोध करते हुए सैन्य विद्रोह को विफल बना दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय लोग अब इस बात की अनुमति नहीं देंगे कि लोकतंत्र पर बलपूर्वक हमला करके जनता के अधिकारों का हनन किया जाए। उन्होंने कहा कि तेहरान और अंकारा के बीच ऊर्जा, गैस सहित अन्य क्षेत्रों में विस्तार होगा।
ईरान के विदेशमंत्री ने कहा कि कुछ विषयों पर आंशिक मतभेदों के बावजूद ईरान और तुर्की, सीरिया की संप्रभुता और आतंकवादी गुटों के विरुद्ध संघर्ष के बारे में समान दृष्टिकोण रखते हैं।
इस संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में तुर्की के विदेशमंत्री ओग़लू ने कहा कि सीरिया की संप्रभुता को लेकर तुर्की और ईरान समान दृष्टिकोण रखते हैं और दोनो पक्षों के बीच सहयोग, सीरिया में स्थाई युद्ध विराम का कारण बन सकता है। उन्होंने दाइश और नुस्रा फ़्रंट जैसे आतंकवादी गुटों के विरुद्ध संयुक्त अभियान पर बल दिया।