ईरान के वित्त मंत्री की चीन यात्रा और आपसी संबंधों में विस्तार
ईरान के वित्त मंत्री ईरान व चीन के 16वें संयुक्त आर्थिक आयोग में भाग लेने के लिए एक उच्च स्तरीय शिष्ट मंडल के साथ चीन पहुंचे हैं।
अली तैयब निया के साथ पेट्रोलियम मंत्रालय, आर्थिक, औद्योगिक, व्यापारिक, बैंकिंग और सांस्कृतिक क्षेत्र और इसी तरह निजी विभाग के प्रतिनिधि भी चीन गए हैं। ईरान व चीन के 16वें संयुक्त आर्थिक आयोग में दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को विस्तृत करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इस यात्रा के साथ ही ईरान में पूंजी निवेश व आर्थिक व तकनीकी सहायता कीसंस्था के प्रमुख ने भी बताया है कि चीन ईरान में सात अरब डाॅलर का निवेश करेगा। मुहम्मद ख़ज़ाई ने, जो वित्त मंत्री के साथ इस यात्रा में हैं, हमारे संवाददाता को बताया कि चीन मुख्य रूप से ईरान में तेल व गैस के क्षेत्र में पूंजी निवेश करेगा।
ईरान व चीन विश्व स्तर पर दो अहम देश हैं और पिछले बरसों में उन्होंने अपने आर्थिक संबंधों को विस्तृत करने में दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया है। इसी के साथ वे क्षेत्र के अन्य देशों के साथ भी आर्थिक रिश्ते मज़बूत बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इस परिप्रेक्ष्य में ईरान चीन के अलावा रूस के साथ भी इस मैदान में सहयोग कर रहा है। इस सहयोग में क्षेत्र में सुरक्षा की चुनौतियों से निपटना भी शामिल है। इन सब बातों के दृष्टिगत, क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर और शंघाई सहयोग संगठन जैसे अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं में रूस व चीन जैसे बड़े देशों के साथ ईरान के सार्थक व प्रभावी सहयोग का मार्ग प्रशस्त हो गया है। (HN)