अफ़्रीक़ी देशों से ईरान के सहयोग में विस्तार अहम हैः रूहानी
राष्ट्रपति ने अफ़्रीक़ी देशों से ईरान के सहयोग में विस्तार को महत्वपूर्ण बताया है।
डाॅक्टर हसन रूहानी ने मंगलवार को ब्रूंडी के विदेशी और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के मामलों के मंत्री एलेन एेम यामित्वे से तेहरान में हुई मुलाक़ात में दोनों देशों के संबंधों को मैत्रीपूर्ण व सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि ईरान व अफ़्रीक़ी देशों के लक्ष्य व उमंगें एक समान हैं जो अनेक संस्थाओं और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों में एक दूसरे के लिए सहायक सिद्ध हो सकती हैं।
राष्ट्रपति ने ईरान व ब्रूंडी के संबंधों और द्विपक्षीय, क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय सहयोग में विस्तार की आवश्यकता की ओर संकेत करते हुए कहा कि गुट निरपेक्ष आंदोलन के सदस्य देशों को आपसी सयहोग को मज़बूत बना कर वैश्विक मंच पर प्रभावी भूमिका निभानी चाहिए। डाॅक्टर रूहानी ने आतंकवाद, संसार के अनेक देशों में पश्चिम के राजनैतिक हस्तक्षेप और सैन्य उपस्थिति को विश्व समुदाय की मुख्य समस्याएं बताते हुए इन समस्याओं के समाधान में गुट निरपेक्ष आंदोलन के सदस्य देशों की सार्थक भूमिका पर बल दिया।
इस मुलाक़ात में ब्रूंडी के विदेशी और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के मामलों के मंत्री एलेन एेम यामित्वे ने अपने देश के राष्ट्रपति का लिखित संदेश ईरान के राष्ट्रपति को दिया और अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं विशेष कर गुट निरपेक्ष आंदोलन में दोनों देशों के सहयोग में विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया। (HN)