अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की ख़ामोशी ने बढ़ाया सऊदी अरब का दुस्साहस
ईरान ने यमन में स्कूलों और अस्पतालों पर सऊदी अरब के बढ़ते हमलों की कड़ी निंदा की है।
यमन में स्कूलों और अस्पतालों पर सऊदी अरब के बढ़ते हमलों की ईरान ने निंदा करते हुए कहा है कि यमन में सऊदी अरब के अपराध के संबंध में अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की ख़ामोशी से सऊदी अरब का दुस्साहस बढ़ गया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासेमी ने सोमवार की रात पश्चिमोत्तरी यमन के हज्जा प्रांत में एक अस्पताल पर सऊदी अरब के युद्धक विमान की बमबारी को मानवता के विरुद्ध अपराध की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में कि जब इंसान की अंतर्रात्मा सहित अंतर्राष्ट्रीय मानदंड और मानवाधिकार जंगों में आम लोगों की रक्षा करने पर बल देते हैं,आतंकियों की परवरिश करने वाली सऊदी अरब की युद्धोन्मादी व्यवस्था किसी सीमा को नहीं मानती। वह बच्चों, महिलाओं, बीमारों और निहत्थे लोगों का निरंतर ख़ून बहा रही है।
बहराम क़ासेमी ने बल दिया कि यमनी सांसदों की संसद की कार्यवाही शुरु करने की पहल से सऊदी अरब बौखला गया है, यही कारण है सऊदी शासन स्कूलों और अस्पतालों पर व्यापक हमले करके यमनी बच्चों से बदला ले रहा है।
ज्ञात रहे सोमवार को पश्चिमोत्तरी यमन के हज्जा प्रांत में सऊदी युद्धक विमान ने एक अस्पताल पर बमबारी की जिसमें 6 लोग हताहत और 20 अन्य घायल हुए। (MAQ/N)