एकता, इराक़ से आतंकवाद को जड़ से उखाड़ देगी, राष्ट्रपति रूहानी
इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति ने कहा है कि इराक के सभी धर्मों और समुदायों के मध्य एकता इस देश से आतंकवाद को जड़ से उखाड़ देगी।
राष्ट्रपति हसन रूहानी ने शनिवार को इराक के संसद सभापति सलीमुल जबूरी से तेहरान में भेंट के दौरान आतंकवाद के खिलाफ युद्ध में इराकी सेना और जनता की हालिया सफलता पर प्रसन्नता प्रकट करते हुए बल दिया कि इराकी संसद आतंकवाद के खिलाफ युद्ध में एकता बना कर इराक़ की राष्ट्रीय सुरक्षा को मज़बूत कर सकता है।
राष्ट्रपति रूहानी ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि ईरान आतंकवाद के अंत तक इराक के साथ खड़ा रहेगा, कहा कि इन हालात में ज़ायोनियों सहित विभिन्न पक्षों के प्रभाव के कारण कुछ देश गलत मार्ग पर चलते हैं जबकि इन सभी देशों के राष्ट्रों की इच्छा है कि सब लोग मिल कर क्षेत्र के विकास और तरक़्क़ी के लिए कोशिश करें।
राष्ट्रपति डॅाक्टर हसन रूहानी ने ईरान व इराक़ के मध्य विशेषकर आर्थिक क्षेत्र में विस्तार को बहुत महत्वपूर्ण बताया।
इराक़ के संसद सभापति सलीम जबूरी ने भी इस भेंट में कहा कि ईरान व इराक़ को सिर्फ इराक में ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र में शांति व सुरक्षा के लिए सहयोग को बढ़ाना चाहिए।
इराक के संसद सभापति ने आतंकवाद के विरुद्ध युद्ध में अपने देश की हालिया सफलताओं पर एक रिपोर्ट पेश करते हुए कहा कि निश्चित रूप से यह विजय इराकी सेना, स्वंय सेवी बल और क़बीलों के मध्य एकता से ही संभव हुई है। (Q.A.)