ईरान में रूस की कोई छावनी नहीं हैः विदेश मंत्रालय
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i21331-ईरान_में_रूस_की_कोई_छावनी_नहीं_हैः_विदेश_मंत्रालय
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि ईरान में न तो रूस की कोई छावनी है और न ही वह तैनात हुआ है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Aug २२, २०१६ १२:४९ Asia/Kolkata
  • ईरान में रूस की कोई छावनी नहीं हैः विदेश मंत्रालय

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि ईरान में न तो रूस की कोई छावनी है और न ही वह तैनात हुआ है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने साप्ताहिक पत्रकार सम्मेलन में पश्चिमी ईरान के हमेदान प्रांत में नोजे हवाई छावनी को रूस द्वारा इस्तेमाल किए के बारे में कहा कि ऐसा हुआ था और फिलहाल यह गतिविधि नहीं हो रही है। बहराम क़ासेमी ने कहा कि इस बारे में रूस के साथ किसी प्रकार का कोई समझौता नहीं हुआ है, अलबत्ता रूस के साथ कुछ क्षेत्रों में स्ट्रैटिजिक संबंध हैं और पिछले कुछ साल में आतंकवाद और दाइश के ख़िलाफ़ यह संबंध और मज़बूत हुआ है।

 

उन्होंने तुर्क राष्ट्रपति की तेहरान यात्रा से संबंधित ख़बरों के बारे में कहा कि अर्दोग़ान के तेहरान दौरे की तारीख़ अभी तय नहीं हुयी है और जो कुछ मीडिया में अर्दोग़ान के ईरान दौरे के बारे में छपा है, वह सही नहीं है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने सीरिया के ज़मीनी हालात के बारे में कहा कि सीरिया के हालात बहुत जटिल हैं और यह हालात क्षेत्र में अशांति व अस्थिरता का कारण बने हैं। बहराम क़ासेमी से जब यह पूछा गया कि क्या ईरान और रूस के अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद सीरिया के बारे में तुर्की का दृष्टिकोण बदल जाएगा तो उन्होंने कहा कि तेहरान दूसरे देशों पर अपनी बात नहीं थोपता। इस बारे में अन्कारा को ख़ुद ही फ़ैसला करना होगा।

 

उन्होंने यमन संकट के बारे में कहा कि इस समय यमन की स्थिति बहुत ही दयनीय है और इस देश के शिया हर क्षण सऊदी बमों की ज़द पर हैं। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने आतंकवादी गुट एमकेओ से सऊदी अरब के संपर्क के बारे में कहा कि सऊदी अरब बहुत गहरे भ्रम का शिकार है और अपनी भीतरी व बाहरी मुश्किलों के कारण मूर्खतापूर्ण हरकतें कर रहा है। इसी प्रकार उन्होंने कहा कि जब तक मिना घटना में ईरानी पीड़ितों को उनका अधिकार नहीं मिल जाता उस समय तक मिना घटना की फ़ाइल खुली रहेगी। (MAQ/N)