मिना के शहीदों के ख़ून की कभी अनदेखी नहीं करेंगेः रूहानी
राष्ट्रपति ने कहा है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान, मिना त्रासदी के मज़लूम शहीदों के ख़ून की कभी भी अनदेखी नहीं करेगा।
डाॅक्टर हसन रूहानी ने बुधवार को पिछले साल हज के अवसर पर सामने आने वाली मिना त्रासदी में शहीद होने वाले मज़लूम हाजियों की बरसी के अवसर पर कहा कि सऊदी अरब की सरकार ने, जिसने रुकावटें डाल कर ईरानी श्रद्धालुओं को हज से रोक दिया है, अपने पिछले सभी पापों के साथ इस साल अपनी काली करतूतों में लोगों को ईश्वर के मार्ग से रोकने के पाप की भी वृद्धि कर दी है। उन्होंने इस बात पर खेद प्रकट करते हुए कि मिना त्रासदी के शहीदों के शव बहुत से देशों के हवाले नहीं किए गए, कहा कि इस परिस्थिति में ईरान की हज समिति, विदेश, स्वास्थ्य व इस्लामी मार्गदर्शन मंत्रालयों के अधिकारियों के प्रयासों और इसी तरह वरिष्ठ नेता के मार्गदर्शन के चलते ईरानी हाजियों के शवों की पहचान करके उन्हें स्वदेश लौटाया गया।
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि सऊदी अरब की सरकार, जो अपनी अयोग्यता के कारण ईरानी सरकार के राजनैतिक व क़ानूनी दबाव में थी, इस दबाव से निकलने के लिए बहाने खोज रही थी और इसी लिए उसने मामूली सी बात पर ईरान के साथ राजनैतिक संबंध तोड़ लिए । उन्होंने कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान की सरकार मिना त्रासदी में शहीद होने वालों के परिवारों के अधिकारों को व्यर्थ नहीं जाने देगी। (HN)