संसार में शांति व स्थिरता के लिए सभी प्रयास करेंः रूहानी
राष्ट्रपति ने कहा है कि सभी को क्षेत्र और दुनिया में शांति व स्थिरता की स्थापना के लिए प्रयास करना चाहिए।
डाॅक्टर हसन रूहानी ने शुक्रवार को गुट निरपेक्ष आंदोलन के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए वेनेज़ुएला रवाना होने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि क्षेत्र और दुनिया के हालात ठीक नहीं हैं और शांति, दूसरे देशों के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न करने, राष्ट्रीय संप्रभुता के सम्मान, विकासशील दुनिया और पूरे संसार की समस्याओं के समाधान के लिए समन्वय और समरसता का बहुत महत्व है।
उन्होंने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र संघ की महासभा के 71वें अधिवेशन में उपस्थिति के बारे में कहा कि इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में क्षेत्र और दुनिया के मुख्य मुद्दों के बारे में ईरान की नीतियों को पेश किया जाएगा। राष्ट्रपति रूहानी गुट निरपेक्ष आंदोलन के अध्यक्ष के रूप में वेनेज़ुएला मारगारिटा द्वीप में इस संगठन के शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे और इस संगठन की अध्यक्षता वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति को सौंपेंगे।
डाॅक्टर रूहानी गुट निरपेक्ष आंदोलन के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद क्यूबा के राष्ट्रपति के निमंत्रण पर इस देश की यात्रा करेंगे जिसके बाद वह संयुक्त राष्ट्र संघ महासभा के 71वें अधिवेशन में भाग लेने के लिए न्यूयॉर्क जाएंगे। महासभा की बैठक के अवसर पर विभिन्न देशों के उच्चाधिकारियों और राजनैतिक व आर्थिक हस्तियों से मुलाक़ातें भी राष्ट्रपति के कार्यक्रम में शामिल हैं। (HN)