ईरान में पाकिस्तानी मूल के दो आतंकवादी गिरफ्तार
इस्लामी क्रांति संरक्षक बल ने सीस्तान बलोचिस्तान प्रांत के सरवान नगर में पाकिस्तानी मूल के दो आतंकवादियों की गिरफ्तारी की सूचना दी है।
सीस्तान बलूचिस्तान प्रान्त में आईआरजीसी की स्थानीय शाखा के जन संपर्क विभाग ने मंगलवार को बताया है कि इन दोनों आतंकवादियों को कुछ करने का अवसर दिये बिना ही कल्लेगान क्षेत्र में एक खुफिया कार्यवाही के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद पता चला कि यह दोनों आतंकवादी, पाकिस्तानी मूल के हैं और ईरान की व्यवस्था के खिलाफ एक आतंकवादी गुट के सदस्य हैं जो देश में भय व आतंक का माहौल पैदा करने का इरादा रखते थे।
इन दोनों आतंकवादियों के ठिकाने की तलाशी के बाद वहां दो बम बरामद हुए जिन्हें वह भीड- भाड़ वाले क्षेत्रों में धमाके के लिए इस्तेमाल करने का इरादा रखते थे।
आईआरजीसी के अनुसार दोनों आतंकवादियों के ठिकाने से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद बरामद हुआ।
यह एेसी स्थिति में है कि जब पिछले हफ्ते रविवार को सीस्तान बलोचिस्तान प्रान्त में ही इ्स्लामी क्रांति संरक्षक बल (आईआरजीसी) ने जैशुल अद्ल नामक 9 सदस्यीय आतंकवादी गुट को तबाह किया था।
इस कार्यवाही में आतंकवादी गुट जैशुल अद्ल के सरगना और उसके तीन साथी मारे गये थे।
ईरान के सीस्तान बलोचिस्तान प्रान्त की सीमा पाकिस्तान से मिलती है। (Q.A.)