न्यूयार्क में राष्ट्रपति रूहानी का व्यस्त दिन, कई नेताओं से मुलाक़ातें
इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने न्यूयार्क पहुंचने के बाद कई देशों के नेताओं से मुलाक़ातें कीं।
संयुक्त राष्ट्र संघ की महासभा में भाग लेने के लिए न्यूयार्क पहुंचे डाक्टर रूहानी ने मंगलवार को ब्रिटिश प्रधानमंत्री ट्रेसा मे से मुलाक़ात में तेहरान और लंदन के आपसी रिश्तों को विस्तृत किए जाने पर बल दिया और परमाणु समझौते को एक बड़ी उपलब्धि बताया जो आपसी सहयोग का अच्छा आधार बन सकता है।
डाक्टर रूहानी ने बल देकर कहा कि परमाणु समझौते में शामिल सभी पक्षों को चाहिए कि अपनी प्रतिबद्धताएं पूरी करें। उन्होंने कहा कि बैंकिंग और इंशोरेन्स सेवाओं में मौजूद सभी रुकावटें जब तक दूर नहीं कर दी जातीं उस समय तक पश्चिमी देशों की प्रतिबद्धताएं अधूरी रहेंगी। राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि ब्रिटेन इस संदर्भ में महत्वपूर्ण क़दम उठा सकता है।
राष्ट्रपति रूहानी की मुलाक़ात इटली के प्रधानमंत्री मैटियो रेन्ज़ी से भी हुई। इस मुलाक़ात में डाक्टर रूहानी ने कहा कि संयुक्त समग्र कार्य योजना जेसीपीओए के बाद के काल में इटली के पास यह अवसर है कि वह यूरोप में ईरान का सबसे प्रमुख व्यापारिक भागीदार बन जाए।
राष्ट्रपति रूहानी फ़्रांसीसी राष्ट्रपति फ्रांसवा ओलांद से भी मिले। उन्होंने इस बैठक में कहा कि क्षेत्रीय शांति व सुरक्षा को मज़बूत बनाने के लिए दोनों पक्षों को चाहिए कि जेसीपीओए की शर्तों पर कटिबद्ध रहें।
राष्ट्रपति रुहानी और तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान ने भी मुलाक़ात की जिसमें आपसी व्यापारिक संबंधों और क्षेत्रीय परिस्थितियों पर चर्चा हुई।
राष्ट्रपति रूहानी ने न्यूयार्क में कुछ धार्मिक नेताओं से भी मुलाक़ात की।
दूसरी ओर विदेश मंत्री जवाद ज़रीफ़ ने भी कैनेडा के विदेश मंत्री स्टीफ़न डीयोन सहित कई देशों के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाक़ातें कीं।