बड़ी शक्तियों से वार्ता में सफलता, जनता की एकता का परिणामः रूहानी
राष्ट्रपति ने कहा है कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर और बड़ी शक्तियों के साथ वार्ता में ईरान की सफलता जनता की एकता व एकजुटता का परिणाम है।
डाॅक्टर हसन रूहानी ने बुधवार को क़ज़वीन प्रांत में एक जन समूह को संबोधित करते हुए कहा कि ईरानी राष्ट्र की महानता व स्थिति पूरी दुनिया के समक्ष स्पष्ट हो गई है। उन्होंने कहा कि आज क्षेत्र व संसार की स्थिरता और आतंकवाद से गंभीर संघर्ष में ईरान की भूमिका का कोई इन्कार नहीं कर सकता। उन्होंने बड़ी शक्तियों और उनके क्षेत्रीय पिट्ठुओं की ओर से अन्य देशों के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप और परमाणु हथियार बनाने के संबंध में ईरानी राष्ट्र पर पर लगाए जाने वाले निराधार आरोपों की ओर संकेत करते हुए कहा कि अब क्षेत्र में कोई भी ईरानोफ़ोबिया के धोखे में नहीं आता।
ईरान के राष्ट्रपति ने इस बात पर बल देते हुए कि कोई भी शक्ति विकसित तकनीकों को कुछ देशों के एकाधिकार में नहीं रख सकती, कहा कि परमाणु वार्ता में ईरानी राष्ट्र की सफलता, केवल ईरान के अधिकारों की रक्षा नहीं थी बल्कि यह सभी विकासशील देशों के अधिकारों की रक्षा थी। डाॅक्टर रूहानी ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि आज संसार के सभी देश ईरान में पूंजी निवेश करना चाहते हैं, कहा कि ईरान ने अपनी वास्तविक छवि और पोज़ीशन संसार के समक्ष पेश कर दी है। (HN)