यमनी घायलों को तुरंत ईरान लाने के लिए तैयार हैं- अब्दुल्लाहियान
अंतर्राष्ट्रीय मामलों में ईरान के संसद सभापति के विशेष प्रतिनिधि ने कहा है कि तेहरान, सनआ में तुरंत एयर एम्बुलेंस भेजने और घायलों को ईरान के अस्पतालों तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने सनआ में एक शोक सभा पर सऊदी युद्धक विमानों के पाश्विक हमलों में सैकड़ों निर्दोष व निहत्थे लोगों के हताहत व घायल होने पर प्रतिक्रिया जताते हुए कहा कि ईरान, तुरंत ही यमन में मोबाइल अस्पताल स्थापित करने और घायलों का उपचार करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा कि आले सऊद को यमन की अत्याचरग्रस्त जनता का घेराव समाप्त करना चाहिए ताकि ईरान की ओर से भेजी जाने वाली दवाएं और मोबाइल अस्पताल यथाशीघ्र यमन पहुंचाए जा सकें और घायलों का उपचार किया जा सके।
अंतर्राष्ट्रीय मामलों में ईरान के संसद सभापति के विशेष प्रतिनिधि ने कहा कि आशा है कि अंतर्राष्ट्रीय रेड क्राॅस सोसाइटी, ईरान की चिकित्सा टीम और उपकरणों को यमन पहुंचाने लिए आवश्यक क़दम उठाएगी।
ज्ञात रहे कि सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने शनिवार को सनआ में यमन के पूर्व गृहमंत्री के पिता के निधन पर आयोजित शोक सभा पर हमला कर दिया था जिसमें लगभग एक हज़ार लोग हताहत और घायल हुए हैं। (HN)