राष्ट्र संघ के नए महासचिव इस संस्था की साख बहाल करेंः ईरान
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने आशा जताई है कि संयुक्त राष्ट्र संघ के नए महासचिव पूरे संकल्प के साथ विश्व स्तर पर इस संस्था की साख और भूमिका को बहाल करेंगे।
बहराम क़ासेमी ने अनतोनियो गोतरेश को संयुक्त राष्ट्र का नवां महासचिव चुने जाने पर प्रतिक्रिया जताते हुए कहा कि गोतरेश ने एेसी स्थिति में यह पद संभाला है कि पूरे संसार में अनेक संकटों ने विश्व शांति व सुरक्षा को गंभीर ख़तरे में डाल रखा है। उन्होंने राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अनतोनियो गोतरेश के अनुभवों की ओर संकेत करते हुए आशा जताई कि संयुक्त राष्ट्र संघ के नए महासचिव अधिक स्वाधीनता और साहस के साथ विश्व स्तर पर काम करेंगे क्योंकि उनका अतीत इस प्रकार की आशा जगाता है।
बहराम क़ासेमी ने कहा कि आजके संसार को विभन्न गहरे, तीव्र व जटिल परिवर्तनों का सामना है और अगर संयुक्त राष्ट्र संघ के नेतृतव में सार्वजनिक सहयोग और सहमति से इन संकटों को नियंत्रित न किया गया तो संसार, एेसे अन्य संकटों में ग्रस्त हो सकता है जिनका समाधान संभव नहीं होगा। ज्ञात रहे कि गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र संघ की महासभा के 193 देशों ने पुर्तगाल के पूर्व चांस्लर अनतोनियो गोतरेश को बान की मून के स्थान पर नया महासचिव चुना है। (HN)