अमरीकी गठजोड़ आतंकवद के हित में या ख़िलाफ़ः वरिष्ठ नेता का दृष्टिकोण
वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़्मा ख़ामेनई ने बोस्निया हर्ज़ेगोविना प्रेज़िडेन्सी के चेयरमैन बाक़िर इज़्ज़त बेगोविच के साथ मुलाक़ात में बल दिया कि आतंकवाद के ख़िलाफ़ पश्चिम का सैन्य गठजोड़ उसे ख़त्म करने के लिए नहीं है।
वरिष्ठ नेता ने मंगलवार की शाम इस मुलाक़ात में कहा कि यह मुमकिन है कि ये गठजोड़ किसी समय आतंकियों के ख़िलाफ़ जंग में शामिल हो लेकिन यह गठजोड़ न तो इराक़ और न ही सीरिया में आतंकवाद के जड़ से सफ़ाए में गंभीर है।
वरिष्ठ नेता ने कहा कि यूरोप के कुछ शक्तिशाली देशों में मुसलमान जवानों का अपमान होना भी दाइश जैसे आतंकवादी गुटों में उनके शामिल होने का कारण बना है।
पश्चिम एशिया में विभिन्न रूप में बढ़ते आतंकवाद की जड़ कुछ पश्चिमी देशों ख़ास तौर पर अमरीका की नीति से मिलती है। जैसा कि अमरीकी राष्ट्रपति पद की चुनावी उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन की जीवनी पर आधारित किताब सहित दूसरे ठोस सुबूत भी हैं जिनसे कुछ पश्चिमी सरकारों की आतंकवाद को बढ़ावा देने की नीति की पुष्टि होती है।
अमरीका ने इराक़ के अतिग्रहण के दौरान दाइश के मौजूदा सरग़ना अबू बक्र अलबग़दादी को जो उस जेल में था, आज़ाद किया और इस क़दम से इराक़ और फिर सीरिया में दाइशी आतंकवाद के फैलने का मार्ग समतल किया।
दाइशी आतंकवद के मज़बूत होते ही इस आतंकवादी गुट ने अपनी गतिविधियां क्षेत्र से बाहर तक फैला दीं। उसके इस क़दम से दुनिया में भय फैला। दाइश के आतंकवाद की बढ़ती लहर के कारण अमरीका की अगुवाई में पश्चिम ने उसके ख़िलाफ़ गठजोड़ बनाया।
इस गठजोड़ ने 2014 में अपनी गतिविधियां शुरु कीं किन्तु दाइश के ख़िलाफ़ अमरीकी गठबंधन के क्रियाकलापों की समीक्षा से इस गठजोड़ के वास्तविक लक्ष्य के बारे में संदेह बढ़ गया है। इराक़ और सीरिया में अंधाधुंध बमबारी और इराक़ के विभिन्न क्षेत्रों में दाइश के तत्वों के लिए हथियार गिराने की घटनाएं, आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में अमरीकी गठजोड़ की वास्तविक भूमिका के बारे में संदेह का एक भाग है।
अमरीका की अगुवाई वाला गठजोड़ जिस आतंकवाद से संघर्ष का दावा करता है वह आतंकवाद इस गठजोड़ की छत्रछाया में यूरोप तक पहुंच गया है और निरंतर भय ने यूरोपीय देशों में स्थायी शांति का स्थान ले लिया है। इराक़ और सीरिया में आतंकवाद के ख़िलाफ़ संघर्ष में पश्चिम का दोहरा व्यवहार इस बात का पता देता है कि यह गठजोड़ आतंकवाद की बुराई का जड़ से सफ़ाया नहीं चाहता। (MAQ/T)