लाखों ईरानी तीर्थयात्री पहुंचे इराक़
हज़रत इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के चेहलुम के कार्यक्रमों में शामिल होने के उद्देश्य से लाखों की संख्या में ईरानी करबला पहुंच चुके हैं।
इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार, इराक़ी सूत्रों ने बताया है कि इमाम हुसैन के चेहलुम के कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए चार लाख से अधिक ईरानी तीर्थयात्री बुधवार की दोपहर के बाद मेहरान, चज़्ज़ाबे और शलमचा की सीमा सेइराक़ पहुंच चुके हैं।
ईरानी और इराक़ी अधिकारियों ने भविष्यवाणी की थी कि इस वर्ष लगभग 20 लाख ईरानी तीर्थयात्री करबला की यात्रा करेंगे। इसी मध्य करबला के गवर्नर अक़ील इमरान तरीही ने ईरानी तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे के करबला पहुंचने के अवसर पर कहा कि इराक़ी जनता ईरानी तीर्थयात्रियों और श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तैयार है। उनका कहना कि अनुमान लगाया जा रहा है कि इस वर्ष देश विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में कहीं अधिक होगी जिनमें ईरानी तीर्थयात्रियों की संख्या सबसे अधिक होगी। (AK)