ईरान-चीन सहयोग, विश्व शांति की ज़मानत हैः रक्षा मंत्री
ईरान और चीन के रक्षा मंत्रियों ने क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर दोनों देशों के बीच रक्षा और सैन्य क्षेत्र में सहयोग में विस्तार के मार्गों की समीक्षा की।
ईरानी रक्षा मंत्री ब्रिगेडियर जनरल हुसैन दहक़ान ने सोमवार को तेहरान में चीनी रक्षा मंत्री मेजर जनरल चांग वान चुआन से मुलाक़ात में कहा कि दोनों देश के बीच सैन्य और रक्षा क्षेत्र में सहयोग, क्षेत्र सहित विश्व शांति की ज़मानत है। उन्होंने चीन के साथ लंबी मुद्दत के सैन्य व रक्षा सहयोग में विस्तार को ईरान की रक्षा कूटनीति की प्राथमिकताओं में बताया। ईरानी रक्षा मंत्री ने कहा कि एशिया व ओशिएनिया में शांति व स्थिरता की रक्षा सभी क्षेत्रीय देशों की ज़िम्मेदारी है। ईरानी रक्षा मंत्री ने इसी प्रकार दाइश सहित दूसरे आतंकवादी गुटों के वजूद को क्षेत्र सहित अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर संकटजनक बताते हुए बल दिया कि इस तरह के संकट से निपटने के लिए दुनिया के देशों में ख़ास तौर पर उन देशों के बीच उपयोगी सहयोग की ज़रूरत है जिन्हें आतंकवादी ख़तरों का सामना है।
इस अवसर पर चीन के रक्षा मंत्री ने भी कहा कि विभिन्न क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मामलों में ईरान-चीन के संयुक्त दृष्टिकोण ने दोनों देश के बीच सैन्य व रक्षा सहयोग में विस्तार का मार्ग समतल किया है। चीनी रक्षा मंत्री ने ईरान-चीन के बीच रक्षा व सैन्य सहयोग समझौते के पूरी तरह लागू होने पर बल देते हुए उम्मीद जतायी कि उनका तेहरान दौरा, दोनों देश के बीच सैन्य व रक्षा संबंध में विस्तार का न्या अध्याय साबित होगा (MAQ/N)