रूस, क्षेत्र में ईरान के अहम दोस्तों में हैः रूहानी
राष्ट्रपति रूहानी ने रूस को क्षेत्र में ईरान का अहम मित्र व पड़ोसी बताते हुए कहा है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान सभी क्षेत्रों में रूस के साथ संबंध विस्तार का संकल्प रखता है।
डाॅक्टर हसन रूहानी ने मंगलवार की रात रूसी संसद के ऊपरी सदन फ़ेडरेशन कोन्सिल की प्रमुख वालन्टीना मातविन्को से मुलाक़ात में कहा कि दोनों देशों का संसदीय सहयोग, तेहरान-माॅस्को संबंधों को पहले से अधिक मज़बूत बनाने की प्रक्रिया में बहुत अधिक अहम है। उन्होंने कहा कि इस समय ईरान व रूस के संबंध हालिया दशकों में सबसे अच्छी स्थिति में हैं और परमाणु समझौते के बाद उत्पन्न होने वाले वातावरण को आर्थिक, सांस्कृतिक, वैज्ञानिक और तकनीकी मैदानों में आपसी सहयोग को अधिक से अधिक मज़बूत बनाने के लिए प्रयोग करना चाहिए। राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि परमाणु समझौते में रूस की भूमिका सकारात्मक थी और आज भी माॅस्को, अन्य पक्षों की ओर से इस समझौते के पालन में सहायता करके अहम भूमिका निभा सकता है।
इस मुलाक़ात में रूस की फ़ेडरेशन कोन्सिल की प्रमुख वालन्टीना मातविन्को ने इस बात पर बल देते हुए कि माॅस्को सभी क्षेत्रों में इस्लामी गणतंत्र ईरान के साथ संबंध व सहयोग विस्तार का इच्छुक है, कहा कि दोनों देशों के संबंधों में गति आई है और संसदों की ज़िम्मेदारी है कि वे दोनों सरकारों के बीच हुए समझौतों के क्रियान्वयन के लिए हर संभव प्रयास करें। उन्होंने कहा कि उनका देश ईरान के साथ शांतिपूर्ण परमाणु सहयोग में विस्तार की नीति पर अडिग है। (HN)