क़ज़ाक़िस्तान में राष्ट्रपति रूहानी का औपचारिक स्वागत
क़ज़ाक़िस्तान के राष्ट्रपति भवन में गुरुवार को इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति का औपचारिक स्वागत किया गया।
इस स्वागत समारोह के बाद डाॅक्टर हसन रूहानी और क़ज़ाक़िस्तान के राष्ट्रपति नूर सुलतान नज़रबायोफ़ के बीच द्विपक्षीय वार्ता आरंभ हुई। विभिन्न क्षेत्रों में दोनों देशों के आपसी सहयोग में विस्तार और तेहरान व आस्ताने के संबंधों को गति प्रदान करना, ईरान व क़ज़ाक़िस्तान के राष्ट्राध्यक्षों और उनके उच्च स्तरीय शिष्टमंडल की वार्ता के मुख्य मुद्दे थे।
ज्ञात रहे कि इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति डाॅक्टर हसन रूहानी क़ज़ाक़िस्तान के राष्ट्रपति नूर सुलतान नज़रबायोफ़ के औपचारिक निमंत्रण पर बुधवार की रात इस देश के दौरे पर पहुंचे जहां उनका स्वागत क़ज़ाक़िस्तान के निवेश व विकास मंत्री ने किया। राष्ट्रपति रूहानी इससे पहले आर्मीनिया गए थे जहां उन्होंने इस देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से वार्ता के अलावा ईरान व आर्मीनिया के व्यापारियों की संयुक्त बैठक में भी भाग लिया। (HN)