ईरान, सीरिया में युद्ध विराम का स्वागत करता है, राष्ट्रपति रूहानी
इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति ने सीरिया में लागू युद्ध विराम का स्वागत करते हुए कहा है कि इस बात पर ध्यान रखा जाना चाहिए कि संघर्ष विराम के दौरान आतंकवादियों को मज़बूत होने का मौक़ा न मिले।
राष्ट्रपति हसन रूहानी ने शनिवार की शाम, सीरियाई विदेशमंत्री वलीद मुअल्लिम से तेहरान में भेंट के दौरान, सीरियाई सरकार, जनता और सेना की सफलताओं पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि एलेप्पो की जीत ने सभी आतंकवादियों को यह संदेश दिया कि उन्हें अपराध व रक्तपात के अपने मार्ग में कभी सफलता प्राप्त नहीं हो सकती।
राष्ट्रपति रूहानी ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि एेलेप्पो की आज़ादी के बाद आतंकवादियों के विरुद्ध कार्यवाही और सीरिया में राजनीतिक वातावरण बनाने और सुरक्षा स्थापित करने की भूमिका तैयार हो गयी है आशा प्रकट की कि सीरिया संकट के अंत और शांति वार्ता के लिए अगली कार्यवाहियों के परिणाम में इस देश की जनता को सुरक्षा मिलेगी और सीरिया की अखंडता को बल मिलेगा।
राष्ट्रपति रूहानी ने बल दिया कि ईरान , प्रतिरोध के मैदान में और विभिन्न राजनीतिक मोर्चों पर सदैव सीरियाई जनता के साथ रहा है और भविष्य में भी यह समर्थन जारी रखेगा और अन्ततः जीत सीरियाई जनता की होगी।
इस भेंट में सीरिया के विदेशमंत्री ने भी कहा कि सीरियाई राष्ट्रपति बश्शार असद ने ईरानी जनता और सरकार को सलाम कहलाया है और उनके प्रति कृतज्ञता जतायी है।
सीरियाई विदेशमंत्री ने कहा कि निश्चित रूप से इस्लामी गणतंत्र ईरान के व्यापक समर्थन की वजह से आतंकवादियों के सामने प्रतिरोध के लिए बहुत प्रोत्साहन मिला है। (Q.A.)