ईरान और लेबनान के मध्य सहयोग विस्तार की भूमिका प्रशस्त है
ईरान की संसद मजलिसे शूराए इस्लामी विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के प्रमुख ने कहा है कि विभिन्न क्षेत्रों विशेषकर आर्थिक और व्यापारिक क्षेत्रों में ईरान और लेबनान के द्विपक्षीय संबंधों के विस्तार के लिए भूमिका प्रशस्त है।
हमारे संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार, अलाउद्दीन बुरूजर्दी ने शुक्रवार को लेबनान की राजधानी बैरूत में हिज़्बुल्लाह धड़े के प्रमुख मुहम्मद राद के साथ संयुक्त प्रेस कांफ़्रेंस में कहा कि ईरान और लेबनान के सहयोग और संबंध बहुत अधिक महत्वपूर्ण हैं और तेहरान सदैव से लेबनान के समस्त राजनैतिक दलों के मध्य सहयोग और समन्वय का समर्थन करता है।
श्री अलाउद्दीन बुरूजर्दी ने आतंकवाद को क्षेत्र और दुनिया के लिए बहुत बड़ी समस्या बताया और कहा कि लेबनान के हिज़्बुल्लाह संगठन जैसे प्रतिरोधकर्ता गुटों के साथ सहयोग की वजह से आतंकवादी अब तक भीषण पराजय का सामना कर रहे हैं।
इस प्रेस कांफ़्रेंस में मुहम्मद राद ने कहा कि निसंदेह आतंकवाद से संघर्ष और उनको लक्ष्य बनाना जो क्षेत्र में आतंक फैलाना चाहते हैं, महत्वपूर्ण विषय और प्राथमिकता है।
मुहम्मद राद ने कहा कि क्षेत्र और दुनिया में ईरान महत्वपूर्ण स्थिति का स्वामी है और लेबनान की शांति व स्थितरता में सहायता कर सकता है।
ज्ञात रहे कि ईरान की संसद मजलिसे शूराए इस्लामी विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के प्रमुख एक उच्चस्तरीय संसदीय शिष्टमंडल के साथ लेबनान के दौरे पर हैं। लेबनान से पहले उन्होंने सीरिया का दौरा किया था। (AK)