सऊदी अरब की करतूतों से क्षेत्र सुलग रहा हैः ईरान
ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने सऊदी अरब के रक्षामंत्री और उतराधिकारी के ईरान विरोधी बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि सऊदी अरब द्वारा आतंकवादी और तकफ़ीरी गुटों के समर्थन की वजह से पूरा क्षेत्र आग से सुलग रहा है।
बहराम क़ासिमी ने शनिवार की रात कहा कि सऊदी अरब भी उन शक्तियों में एक है, विश्व में शांति और स्थिरता की स्थापना के लिए जिनके व्यवहार में सुधार आवश्यक है।
श्री बहराम क़ासिमी ने इस बात की ओर संकेत करते हुए कि निसंदेह तकफ़ीरी आतंकवाद की जड़ें वहाबियत में निहित हैं, कहा कि सऊदी अरब एक ओर तो सीरिया, इराक़ी और यमनी जनता के विरुद्ध रक्तरंजित अपराधों का कारण समझा जाता है वहीं दूसरी ओर ज़ायोनी शासन के साथ सांठ गांठ करके मुसलमानों विशेषकर अरब जगत और फ़िलिस्तीनी उमंगों से विश्वाघात कर रहा है।
ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने बल देकर कहा कि पश्चिमी गुप्तचर संस्थाओं की विभिन्न रिपोर्टों में बारंबार पुष्टि की गयी है कि पूरी दुनिया में तकफ़ीरी चरमपंथियों और सऊदी अरब की सरकारी संस्थाओं में व्यवस्थित और अर्थपूर्ण संबंध पाये जाते हैं और एेसा प्रतीत होता है कि सऊदी अरब के रक्षामंत्री का बयान इस प्रकार की सूचनाओं के उजागर होने की ओर से लोगों के ध्यान को भटकाना है।
बहराम क़ासिमी ने कहा कि सऊदी अरब के अधिकारी इस प्रकार की परिणामहीन बयानबाज़ी के बजाए बेहतर है कि अपनी शैली और व्यवहार में सुधार करें और अपनी विध्वंसक नीतियों और कार्यवाहियों के परिणाम के बारे में सोचें।
ज्ञात रहे कि सऊदी अरब के रक्षामंत्री और उतराधिकारी मुहम्मद बिन सलमान ने अमरीकी पत्रिका फ़ारेन अबज़र्वर से बात करते हुए दावा किया था कि ईरान तीन मूल समस्याओं का अर्थात बिना सीमा की विचारधारा, अशांति और आतंकवाद का प्रतिनिधि है। (AK)