आयतुल्लाह हाशेमी रफ़सन्जानी इस्लामी क्रांति की बेजोड़ हस्ती थेः राष्ट्रपति रूहानी
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i33691-आयतुल्लाह_हाशेमी_रफ़सन्जानी_इस्लामी_क्रांति_की_बेजोड़_हस्ती_थेः_राष्ट्रपति_रूहानी
राष्ट्रपति रूहानी ने स्वर्गीय आयतुल्लाह हाशमी रफ़सन्जानी को इस्लामी क्रान्ति के आंदोलन और क्रान्ति के बाद के दौर की बेजोड़ हस्ती बताया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jan ०९, २०१७ ११:३७ Asia/Kolkata
  • आयतुल्लाह हाशेमी रफ़सन्जानी इस्लामी क्रांति की बेजोड़ हस्ती थेः राष्ट्रपति रूहानी

राष्ट्रपति रूहानी ने स्वर्गीय आयतुल्लाह हाशमी रफ़सन्जानी को इस्लामी क्रान्ति के आंदोलन और क्रान्ति के बाद के दौर की बेजोड़ हस्ती बताया है।

उन्होंने सोमवार को तेहरान में जमारान इमामबाड़े में आयतुल्लाह हाशमी रफ़सन्जानी के शोक समारोह में पत्रकारों से कहा, “इस्लामी क्रान्ति के आंदोलन और क्रान्ति की सफलता के काल में इस महान हस्ती के कांधे पर बहुत ही अहम ज़िम्मेदारियां थीं।” ईरानी राष्ट्रपति ने कहा, “स्वर्गीय आयतुल्लाह हाशमी रफ़सन्जानी ने क्रान्ति के सभी चरणों और थोपी गयी जंग के बाद पुनर्निर्माण के काल में बहुत साहस का परिचय दिया और किसी भी वक़्त वे मैदान से नहीं हटे यहां तक कि मुश्किलें भी उन्हें मार्ग से न हटा सकीं।” डॉक्टर रूहानी ने कहा कि आयतुल्लाह हाशमी रफ़सन्जानी ने अपने मूल्यवान जीवन के अंतिम क्षण तक वरिष्ठ नेता का साथ दिया और उनकी अकांक्षा थी कि इस्लामी क्रान्ति व ईरानी राष्ट्र ख़ूब प्रगति करे।

 

दूसरी ओर ईरान के संसद सभापति अली लारीजानी ने सोमवार को संसद के सत्र में आयतुल्लाह हाशमी रफ़सन्जानी के निधन पर कहा, “उनका नाम इस्लामी क्रान्ति के साथ जुड़ा रहा है और जुड़ा रहेगा।” उन्होंने इस बात का उल्लेख करते हुए कि आयतुल्लाह हाशमी रफ़सन्जानी क्रान्ति के ख़िलाफ़ विभिन्न गुटों की साज़िशों को नाकाम बनाने का दृढ़ संकल्प रखते थे, कहा कि ईरानी राष्ट्र को आशावान बनाए रखने और आतंकवादी गुट एमकेओ के ख़िलाफ़ संघर्ष में उनका बहुत स्पष्ट योगदान था। ज्ञात रहे कि ईरान की इस्लामी क्रान्ति की हित संरक्षक परिषद के प्रमुख आयतुल्लाह अकबर हाशमी रफ़सन्जानी का रविवार की रात तेहरान के एक अस्पताल में हार्ट अटैक से देहान्त हो गया। वे 2 बार ईरान के राष्ट्रपति रह चुके थे। (MAQ/N)