ईरान, अफगानिस्तान की सहायता जारी रखेगा, राष्ट्रपति
ईरान के राष्ट्रपति ने अफगानिस्तान में शांति व सुरक्षा स्थापना में सहयोग और इस देश की सहायता जारी रखने पर बल दिया है।
राष्ट्रपति हसन रूहानी ने बुधवार को अफगानिस्तान की सरकार के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अब्दुल्लाह अब्दुल्लाह से तेहरान में भेंट के अवसर पर कहा कि ईरान अफगानिस्तान की जनता और सरकार की मदद में किसी तरह से संकोच नहीं करेगा।
राष्ट्रपति रूहानी ने इस भेंट में कहा कि ईरान के चाबहार बंदरगाह के विकास, ईरान हेरात के मध्य रेलवे लाइन जैसे विभिन्न रास्ते बन जाने के बाद तेहरान व काबुल के मध्य सहयोग के तेज़ी से विस्तार होगा।
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि आतंकवाद, अफगानिस्तान ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए बहुत बड़ी समस्या है और उससे मुकाबले की ज़रूरत है।
इस भेंट में अफगानिस्तान की सरकार के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अब्दुल्लाह अब्दुल्लाह ने आयतुल्लाह हाशमी रफसंजानी के निधन पर अफगानिस्तान की जनता और सरकार की ओर से संवेदना प्रकट की और कहा कि आयतुल्लाह हाशमी रफसंजानी अफगान जनता के लिए एक जानी पहचानी हस्ती हैं और हमारी जनता किसी भी हालत में विशेष कठिन परिस्थितियों में उनकी सहायताओं को भूल नहीं सकती।
उन्होंने इसी प्रकार अफगानिस्तान की ताज़ा स्थिति से ईरानी राष्ट्रपति को सूचित किया और कहा कि ईरान हमेशा ह अफगान सरकार और जनता का समर्थक रहा है और इस देश की जनता संकल्प रखती है कि ईरान के साथ एक मित्र देश के रूप में अपने संबंध हर क्षेत्र में बढ़ाए। (Q.A.)