बहरैनी जनता का समर्थन जारी रहेगाः ईरान
ईरान के संसद सभापति के अंतर्राष्ट्रीय मामलों के सहायक ने कहा है कि ईरान, बहरैनी जनता की मांगों का समर्थन जारी रखेगा।
हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने बहरैन में तीन युवाओं को सज़ाए मौत दिए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि ईरान, बहरैन के आंतरिक मामलों में कोई हस्तक्षेप नहीं कर रहा है किन्तु बहरैन की जनता की मांगों का, जो संयुक्त राष्ट्र संघ के घोषणा पत्र के अनुसार हैं, राजनैतिक व अध्यात्मिक समर्थन जारी रखेगा।
उनका कहना था कि बहरैन की सरकार, विदेशियों पर भरोसा करने के बजाए अपने देश की जनता पर भरोसा रखे। श्री अब्दुल्लाहियान ने कहा कि लोकतांत्रिक ढंग से अपनी मांग रखने वाले तीन बहरैनी युवाओं की सज़ाए मौत, मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन है।
अमीर अब्दुल्लाहियान ने कहा कि बहरैनी शासन की दमनात्मक नीतियों और लंदन व रियाज़ की हस्तक्षेपपूर्ण नीतियों पर विश्व समुदाय और बहरैनी शासन के घटकों का मौन, पश्चिम में मानवाधिकार के दावेदारों और रियाज़ में ख़ादेमुल हरमैने शरीफ़ैन के दावों की पोल खोल देता है। (AK)