सऊदी अरब को यमन में अपराधों का जवाब देना होगाः ईरान
ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि सऊदी अरब के विदेशमंत्री का निराधार दावा, यमन में इस देश की निरंतर और भीषण पराजय का परिणाम है।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासिमी ने यमनी संघर्षकर्ताओं के लिए ईरान की सैन्य सहायता के बारे में सऊदी अरब के विदेशमंत्री आदिल अलजुबैर के निराधार और घिसे पिटे दावे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि सऊदी अरब की बहाने बाज़ी, मौजूद वास्तविकताओं को परिवर्तित नहीं कर सकती और यमन की सेना और स्वयं सेवी बलों को विदेशी सहायताओं की आवश्यकता नहीं है।
बहराम क़ासिमी ने कहा कि सऊदी अधिकारियों को चाहिए कि वह पिछले दो वर्ष के दौरान यमन में मानवता विरोधी अपराधों के बारे में दुनिया को जवाब दें और इस प्रकार के आरोप लगाने से यमन में किए गये युद्ध अपराध के बोझ को कम नहीं कर सकता।
प्रवक्ता ने बल दिया कि क्षेत्र के एक शक्तिशाली देश के रूप में ईरान, शांति व स्थिरता में सार्थक भूमिका निभा रहा है, आतंकवाद से संघर्ष में अग्रणी है और उसे किसी भी देश के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने की आवश्यकता नहीं है।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने इसी प्रकार सऊदी अरब के विदेशमंत्री और सऊदी अधिकारियों को अपनी परिणामहीन और घिसीपिटी शैली छोड़ने की सलाह दी है। (AK)