तो इस वजह से ईरान को धमका रहे हैं ट्रम्प ...
ईरान के एक वरिष्ठ सांसद ने ईरान से अमरीका के ग़ुस्से और उसे नई धमकियां दिए जाने के कारण का उल्लेख किया है।
ईरान की संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा व विदेश नीति आयोग के प्रमुख अलाउद्दीन बोरूजेर्दी ने कहा है कि इराक़ व सीरिया में आतंकवाद से संघर्ष में ईरान की प्रभावी भूमिका को ईरान से अमरीका की अप्रसन्नता और उसे नई नई धमकियां दिए जाने का कारण बताया है। उन्होंने अमरीका की ओर से ईरान पर लगाए गए नए प्रतिबंधों को जेसीपीओए का खुला उल्लंघन बताया और कहा कि अमरीका को जान लेना चाहिए कि इस प्रकार के प्रतिबंधों से, क्षेत्र में आतंकवाद से संघर्ष के बारे में इस्लामी गणतंत्र ईरान के संकल्प पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। ज्ञात रहे कि अमरीका ने शुक्रवार को एक बयान जारी करके ईरान के 25 लोगों व संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाया है।
बोरूजेर्दी ने कहा कि ईरान मध्यपूर्व में अमरीका व ब्रिटेन के पिट्ठुओं से गंभीरता से निपटेगा। उन्होंने कहा कि अमरीका की नई सरकार की नीतियों ने इस देश की जनता को भी आक्रोशित कर दिया है और इससे निकट भविष्य में अमरीका अलग-थलग पड़ जाएगा। ईरान की संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा व विदेश नीति आयोग के प्रमुख ने अमरीका में एक पांच वर्षीय ईरानी बालक की गिरफ़्तारी की ओर संकेत करते हुए कहा कि इस प्रकार के व्यवहार से अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा को सुनिश्चित बनाने में अमरीका की कमज़ोरी का पता चलता है और इससे दूसरे देशों से अधिक ख़ुद अमरीका को नुक़सान पहुंचेगा। (HN)