प्रतिरोधक संगठनों को ईरान से मिलने वाली मदद से हारा इस्राईल
इस्लामी गणतंत्र ईरान के रक्षा मंत्री जनरल हुसैन देहक़ान ने कहा कि इस्राईल के ग़ैर क़ानूनी क़ब्ज़े के विरुद्ध लड़ने वाले संगठनों को ईरान से मिलने वाली मदद के कारण शत्रुओं को पीछे हटने पर मजबूर होना पड़ा है।
रक्षा मंत्री हुसैन देहक़ान ने कहा कि ईरान ने हमेशा इस्राईल के ग़ैर क़ानूनी क़ब्ज़े के ख़िलाफ लड़ने वाले संगठनों की मदद की है। उन्होंने बुधवार को तेहरान में एक समारोह में कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान स्वाधीन राजनैतिक व्यवस्था वाला देश है और अपने इस रास्ते पर लगातार आगे बढ़ता रहेगा।
रक्षा मंत्री ने कहा कि ईरान की रक्षा क्षमता में विस्तार जनता को हर तरह के ख़तरों से सुरक्षित बनाने के लिए है और ईरान की सेनाएं देश की प्रगति के मार्ग में रुकावट बनने वाले ख़तरों को भांप लेने और उन्हें रास्ते से हटाने पर पूर्णतः सक्षम हैं।
उन्होंने कहा कि ईरान की इस्लामी क्रान्ति का संदेश सारी दुनिया में फैला है। रक्षा मंत्री देहक़ान ने कहा कि ईरान की रक्षा क्षमताओं के विस्तार ने दुशमनों से संभावित टकराव की स्थिति में विजय को पहले ही सुनिश्चित कर दिया है।
रक्षा मंत्री हुसैन देहक़ान ने कहा कि मध्यपूर्व और दुनिया में अपना प्रभाव बढ़ाने के लिए दुनिया की बड़ी ताक़तें लगातार कोशिश कर रही हैं और क्षेत्र के देशों में जो शासक जनाधार से वंचित हैं बाहरी शक्तियों के एजेंट के रूप मे काम कर रहे हैं।