मज़बूत इरादे ही हमारी सफलता का रहस्यः हसन रूहानी
राष्ट्रपति ने कहा है कि इस समय के युद्ध, इच्छाशक्ति के युद्ध हैं।
राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने बुधवार को ईरान के पूर्वोत्तरी नगर मशहद में "शहीद दिवस और इस्लामी जगत के शहीद" नामक अन्तर्राष्ट्रीय कांफ़्रेंस में कहा कि थोपे गए आठ वर्षीय युद्ध में ईरान के युवा अपनी दृढ इच्छाशक्ति के बल पर विजयी हुए थे। उन्होंने कहा कि यह उसी प्रकार है जैसे हिज़बुल्लाह ने अपनी संकल्प शक्ति के आधार पर ज़ायोनियों को पराजित किया।
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि हिज़बुल्लाह के जियाले 33 दिवसीय युद्ध के दौरान पारंपरिक सैन्य उपकरणों के बिना ही ज़ायोनी शासन के मुक़ाबले में डटे रहे जिन्होंने इस अवैध शासन के झूठे भरम को समाप्त कर दिया। ईरान के राष्ट्रपति ने इराक़ के हालिया परिवर्तनों का उल्लेख करते हुए कहा कि इराक़ी राष्ट्र के संकल्प के कारण ही आतंकवादी निरंतर पराजित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में पूरा इराक़, आतंकवादियों के चंगुल से मुक्त हो जाएगा। राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि यमन की निर्धन जनता अपने दृढ संक्लप और स्वंय पर भरोसा करते हुए उन अतिक्रमणकारियों को परास्त कर रही है जो भारी संख्या में आधुनिक हथियार ख़रीद रहे हैं।
डा. हसन रूहानी ने कहा कि जिस चीज़ ने ईरान को अमरीका, ज़ायोनी शासन और उनके पिट्टठुओं पर विजय दिलाई है वह भी ईरानी राष्ट्र की दृढ इच्छाशक्ति ही है। उन्होंने कहा कि पिछले 38 वर्षों के दौरान शत्रु के विभिन्न प्रकार के दबावों के बावजूद ईरानी राष्ट्र ने अपने संकल्प से विषम परिस्थितियों का डटकर मुक़ाबला किया।