सऊदी अरब नए आतंकियों का बाप है
ईरान के एक वरिष्ठ सांसद ने सऊदी अरब को नए आतंकियों का बाप बताया है।
संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा व विदेश नीति आयोग के प्रमुख अलाउद्दीन बोरूजेर्दी ने शनिवार को आईआरआईबी न्यूज़ एजेंसी से बात करते हुए कहा कि फ़ार्स की खाड़ी सहयोग परिषद ने लेबनान के हिज़्बुल्लाह संगठन को आतंकी गुटों की सूचि में शामिल करके ज़ायोनी शासन को हरी झंडी दिखाई है और यह लेबनानी सरकार व जनता का अपमान है। उन्होंने कहा कि हिज़्बुल्लाह क्षेेत्र में प्रतिरोध के मोर्चे का एक महत्वपूर्ण और औपचारिक बल है।
बोरूजेर्दी ने सऊदी अरब को क्षेत्र के नए आतंकवादियों का बाप बताते हुए कहा कि सऊदी अरब और फ़ार्स की खाड़ी सहयोग परिषद के सदस्य कुछ अन्य देशों ने अरबों डाॅलर ख़र्च करके मध्यपूर्व में तकफ़ीरी आतंकी गुटों को अस्तित्व में लाने का मार्ग प्रशस्त किया है। ईरान की संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा व विदेश नीति आयोग के प्रमुख ने कहा कि फ़ार्स की खाड़ी सहयोग परिषद द्वारा हिज़्बुल्लाह संगठन को आतंकी गुट बताना क्षेत्रीय देशों में अपने अपराधों को छिपाने का प्रयास है। (HN)