ईरानी राष्ट्रपति ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनवायीं
ईरानी राष्ट्रपति डॉक्टर हसन रूहानी ने प्रतिरोधक अर्थव्यवस्था के तहत सरकार द्वारा उठाए गए क़दम को सार्थक बताया कि जिसका लक्ष्य देश में अर्थव्यवस्था व उत्पादन संबंधी मूल ढांचों को मज़बूत करना है।
उन्होंने बुधवार को जारी ईरानी वर्ष 1395 में मंत्रीमंडल की आख़िरी बैठक के अवसर पर पत्रकारों के बीच कहा, “मौजूदा वर्ष में ईरान में अर्थव्यवस्था व उत्पादन के मूल ढांचे के क्षेत्र में बहुत सार्थक क़दम उठाए गए।”
ईरानी राष्ट्रपति ने अपनी सरकार के काम गिनवाते हुए कहा कि सुरक्षा क़ाएम करना, आर्थिक कार्यक्रम को बढ़ावा देना, गेहूं में आत्मनिर्भरता, ऊर्जा के क्षेत्र में विगत के पिछड़ेपन की भरपायी, खाद्य पदार्थ, कृषि, ज़मीनी, हवाई व रेल-मार्ग और पर्यटन उद्योग के क्षेत्र में उचित विकास, तथा नए बांधों व बिजली घरों का उद्घाटन, उनकी सरकार की उपलब्धियां रहीं।
उन्होंने इसी प्रकार कहा कि तेल के निर्यात में विगत के स्थान की प्राप्ति के लिए मौजूदा साल में तेल पर निर्भरता में कमी और टैक्स पर निर्भरता की नीति अपनायी गयी। ईरानी राष्ट्रपति ने परिवहन के क्षेत्र की मुश्किलों के हल को प्रतिरोधक अर्थव्यवस्था की नीति को लागू करने की दिशा में उठाया गया क़दम गिनवाया। (MAQ/N)