हर ख़तरे का भरपूर जवाब दिया जाएगाः आयतुल्लाह ख़ातेमी
आयतुल्लाह ख़ातेमी ने कहा है कि हर संभावित ख़तरे का पूरी शक्ति के साथ जवाब दिया जाएगा।
आयतुल्लाह सैयद अहमद ख़ातेमी ने तेहरान में जुमे के ख़ुत्बे में कहा है कि जब भी ईरान के स्वावलंबन के लिए ख़तरा उत्पन्न होगा तो उसका उचित उत्तर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पश्चिम में ईरानोफ़ोबिया फैलाया जा रहा है। आयतुल्लाह सैयद ख़ातमी ने कहा कि पश्चिम और कुछ अरब देशों में ईरानोफ़ोबिया कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य कारण ईरान में इस्लामी लोकतांत्रिक व्यवस्था का मौजूद होना है। इसने उन देशों के अस्तित्व के लिए ख़तरा पैदा कर दिया है।
आयतुल्लाह ख़ातेमी ने कहा कि ईरान के विरुद्ध लगे अमरीकी प्रतिबंधों से मुक़ाबले का सबसे प्रभावी मार्ग यह है कि प्रतिरोधक अर्थव्यवस्था को ही लागू किया जाए जिसका सुझाव इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़्मा सैयद अली ख़ामेनेई ने दिया है।
उन्होंने पहली अप्रैल को मनाए जाने वाले इस्लामी गणतंत्र दिवस के बारे में कहा कि 1 अप्रैल सन 1979 को ईरान की जनता ने केवल इस्लामी लोकतांत्रिक व्यवस्था के हित में मतदान किया था। आयतुल्लाह अहमद ख़ातेमी ने कहा कि 19 मई को होने वाले राष्ट्रपति और परिषदों के चुनावों में जनता की भरपूर उपस्थिति बहुत प्रभावी सिद्ध होगी।
अहमद ख़ातेमी ने सऊदी अरब द्वारा यमन में किये जा रहे जनसंहार की ओर संकेत करते हुए कहा कि यमन की जनता के जनसंहार का मुख्य कारण अमरीका और यूरोपीय देशों द्वारा सऊदी अरब को शस्त्रों की आपूर्ति है। उन्होंने कहा कि इस संबन्ध में विश्व समुदाय का मौन भी बहुत प्रभावी सिद्ध हुआ है।