सीरिया पर अमरीकी हमला, ईरान और रूस चुप नहीं रहेंगे: बुरुजर्दी
सीरिया पर अमरीका द्वारा मीज़ाइल हमले पर ईरान ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि अमरीका को इस हमले का जवाब ज़रूर मिलेगा।
इस्लामी गणतंत्र ईरान की संसद के विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के प्रमुख ने कहा है कि सीरिया में अमरीका के घातक हमले का खतरनाक परिणाम निकलेगा इसलिए कि अमरीका के इस बर्बरतापूर्ण क़दम पर ईरान और रूस चुप नहीं रहेंगे।
ईरान की संसद के विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के प्रमुख अलाउद्दीन बुरुजर्दी ने एक बयान में कहा है कि पूरी दुनिया इस बात को जानती है कि सीरिया ने संयुक्त राष्ट्र के साथ डिफ़ॉल्ट समझौते के अनुसार अपने पूरे रासायनिक भंडार को संयुक्त राष्ट्र संघ को सौंप दिया है। उन्होंने कहा कि हम पूरे विश्वास के साथ कह सकते हैं कि सीरियाई सरकार के पास रासायनिक हथियार मौजूद नहीं हैं।
बुरुजर्दी ने कहा कि रासायनिक हथियारों का उपयोग होता है जब युद्ध में सेना को हार का एहसास होने लगता है, जबकि आतंकवादियों के ख़िलाफ़ युद्ध में सीरियाई सेना इस समय मज़बूत स्थिति में है और हलब को मुक्त कराया जा चुका है और अन्य क्षेत्रों को भी आज़ाद कराए जाने का सिलसिला तेज़ी के साथ जारी है।
उन्होंने कहा कि आतंकवादियों ने इससे पहले भी इस बात को साबित करने की कोशिश की है कि उन्हें रासायनिक हथियारों का उपयोग करने में संकोच नहीं है। बुरुजर्दी ने कहा कि सीरिया सरकार द्वारा रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल का दावा, अमरीका और उसके यूरोपीय और क्षेत्रीय सहयोगियों के लिए एक बहाना है जिन्हें पिछले 6 वर्षों से लगातार सीरिया में हार का सामना करना पड़ रहा है (RZ)