सीरिया मामले पर वार्ता के लिए ज़रीफ़ माॅस्को जाएंगे
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया है कि विदेश मंत्री शुक्रवार को ईरान, रूस व सीरिया के विदेश मंत्रियों की त्रिपक्षीय बैठक में भाग लेने के लिए माॅस्को जाएंगे।
बहराम क़ासेमी ने बताया कि मुहम्मद जवाद ज़रीफ़, सरगेई लावरोफ़ और वलीद अलमुअल्लिम शनिवार या रविवार को सीरिया की शईरात सैन्य छावनी पर अमरीका के मीज़ाइल हमले के बाद की स्थिति की समीक्षा करेंगे। इस्लामी गणतंत्र ईरान, रूस और सीरिया, सीरिया में आतंकवाद के ख़िलाफ़ संघर्ष में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
सीरिया के उत्तर पश्चिमी प्रांत इदलिब के ख़ान शैख़ून क्षेत्र में रासायनिक हथियारों से किए गए हमले ने एक बार फिर सीरिया संकट को संवेदनशील चरण में पहुंचा दिया है। पश्चिमी देशों विशेष कर अमरीका का प्रयास है कि ख़ान शैख़ून की घटना को बहाना बना कर सीरिया में अपने लक्ष्य हासिल कर लें। (HN)