मिज़ाइल और विमान बनाने में किसी की अनुमति की आवश्यकता नहीं-रूहानी
डा. हसन रूहानी ने कहा है कि हमें मिज़ाइल और विमान बनाने में किसी की अनुमति की ज़रूरत नहीं है।
राष्ट्रपति रूहानी ने शनिवार को ईरान के नए सैन्य उपकरणों के अनावरण के अवसर पर कहा कि देश की रक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना, ईरान की सुरक्षा के उद्देश्य से है। उन्होंने कहा कि यह हथियार कभी भी किसी देश के विरुद्ध प्रयोग नहीं किये जाएंगे।
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि ईरान का कभी भी अतिक्रमण का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा कि यह सोच न तो विगत में हमारे मन में थी और न ही भविष्य में हम एेसा सोचेंगे। उन्होंने कहा कि इस्लामी क्रांति की सफलता के बाद से ईरान, कई बार सैनिक, आर्थिक और कूटनीतिक हमलों का शिकार हुआ है।
डा. रूहानी ने कहा कि ईरान के लिए क्षेत्रीय संतुलन की सुरक्षा और देश की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाना एक आवश्यक काम है। उन्होंने मध्यपूर्व में विदेशी शक्तियों द्वारा हस्तक्षेप की ओर संकेत करते हुए कहा कि यह अवैध हस्तक्षेप सदाा ही क्षेत्र की चिंता का कारण रहा है। राष्ट्रपति ने कहा कि हमें अपने देश की सेना और सैन्य क्षमता पर गर्व है। उन्होंने कहा कि ईरान वैज्ञानिकों के हाथों विमानों, हैलिकाप्टरों, टैंकों और अन्य सैन्य उपकरणों का उत्पादन, पूरे ईरानी राष्ट्र के लिए गौरव की बात है।