तेहरान, मध्यपूर्व में तेल की सबसे बड़ी प्रदर्शनी का मेज़बान
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i41228-तेहरान_मध्यपूर्व_में_तेल_की_सबसे_बड़ी_प्रदर्शनी_का_मेज़बान
तेहरान, शनिवार से चार दिनों तक मध्यपूर्व के क्षेत्र में सबसे बड़ी अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी और विश्व स्तर पर पांचवीं सबसे बड़ी प्रदर्शनी की मेज़बानी कर रहा है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
May ०५, २०१७ १४:४५ Asia/Kolkata

तेहरान, शनिवार से चार दिनों तक मध्यपूर्व के क्षेत्र में सबसे बड़ी अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी और विश्व स्तर पर पांचवीं सबसे बड़ी प्रदर्शनी की मेज़बानी कर रहा है।

देश विदेश की चार हज़ार से अधिक कंपनियां तेहरान में आयोजित होने वाली तेल, गैस व पेट्रोकेमिकल की 22वीं अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी में भाग ले रही हैं। इस प्रदर्शनी के निदेशक मुहम्मद नासेरी ने इसे तेल उद्योग में सहयोग व प्रतिस्पर्धा के लिए क्षेत्र व विश्व स्तर पर अहम बताते हुए कहा कि इस प्रदर्शनी में भाग लेने वाली विदेशी कंपनियों की संख्या की दृष्टि से चीन, इटली, हाॅलेंड, फ़्रान्स और ब्रिटेन पहले से पांचवें नंबर पर हैं।

 

इस्लामी गणतंत्र ईरान, तेल, गैस व पेट्रोकेमिकल के क्षेत्र में विश्व व इलाक़े का एक अहम व प्रभावी देश है। इस क्षेत्र में ईरान के उत्पादों की गुणवत्ता ने विभिन्न देशों को ईरान के साथ सहयोग के लिए प्रेरित किया है। तेहरान में तेल, गैस व पेट्रोकेमिकल की प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में विदेशी कंपनियों की भागीदारी, ऊर्जा के क्षेत्र में ईरान की महत्वपूर्ण भूमिका की परिचायक है। जारी वर्ष में ईरान में तेल की पैदावार 45 लाख बैरल प्रतिदिन और गैस का उत्पादन 110 करोड़ घन मीटर प्रतिदिन तक पहुंच जाएगा। इस समय ईरान हर दिन लगभग 38 लाख बैरल तेल और 88 करोड़ घन मीटर गैस की पैदावार कर रहा है।

 

ईरान ने तेल, गैस व पेट्रोकेमिकल के क्षेत्र में प्रतिरोधक अर्थ व्यवस्था पर अमल करके काफ़ी उपलब्धियां प्राप्त की हैं और उसने वैश्विक मानकों पर तकनीकी दृष्टि रख कर इस क्षेत्र की अनेक समस्याओं को दूर कर दिया है और अब वह अन्य देशों से प्रतिस्पर्धा कर रहा है। तेल, गैस व पेट्रोकेमिकल के क्षेत्र में ईरान की नीति आत्मनिर्भरता और स्वदेशी क्षमताओं पर भरोसे की नीति अपनाई है और इस क्षेत्र में उत्पादन बढ़ाने के साथ ही साथ तेल, गैस व पेट्रोकेमिकल से संबंधित अनेक मशीनें व आवश्यक तकनीक बनाने में सफलता प्राप्त की है।तेहरान में आयोजित होने वाली तेल, गैस व पेट्रोकेमिकल की 22वीं अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी में इस क्षेत्र में ईरान की उपलब्धियों को संसार के सामने पेश किया जाएगा। (HN)