सऊदी अरब की कार्यवाहियां अमरीका व ज़ायोनियों का छद्म युद्ध हैः ईरान
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i41382-सऊदी_अरब_की_कार्यवाहियां_अमरीका_व_ज़ायोनियों_का_छद्म_युद्ध_हैः_ईरान
ईरानी सेना के प्रवक्ता ने कहा है कि आले सऊद सरकार, अमरीका व ज़ायोनियों की ओर से क्षेत्र के कुछ इस्लामी देशों के विरुद्ध शत्रुतापूर्ण कार्यवाही कर रही है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
May ०८, २०१७ ०७:२६ Asia/Kolkata
  • सऊदी अरब की कार्यवाहियां अमरीका व ज़ायोनियों का छद्म युद्ध हैः ईरान

ईरानी सेना के प्रवक्ता ने कहा है कि आले सऊद सरकार, अमरीका व ज़ायोनियों की ओर से क्षेत्र के कुछ इस्लामी देशों के विरुद्ध शत्रुतापूर्ण कार्यवाही कर रही है।

ब्रिगेडियर जनरल मसऊद जज़ायरी ने सऊदी अरब के रक्षा मंत्री के ईरान विरोधी बयान की प्रतिक्रिया में कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान की ताक़त इन बातों से कहीं बढ़ कर है और ईरान ने अपने आपको बड़ी शक्तियों की धमकियों का मुक़ाबला करने के लिए तैयार कर रखा है अतः उसे क्षेत्र की कुछ तुच्छ सरकारों की धमकियों से कोई भय नहीं है। ज्ञात रहे कि सऊदी अरब के रक्षा मंत्री मुहम्मद बिन सलमान ने पिछले हफ़्ते दावा किया था कि ईरान क्षेत्र में अपनी विशेष नीतियों को आगे बढ़ा रहा है और इन परिस्थितियों में उसके साथ सऊदी अरब का मेल संभव नहीं है। उन्होंने इसी तरह धमकी दी थी कि युद्ध को सऊदी अरब की सीमाओं से निकाल कर ईरान के भीतर पहुंचा दिया जाएगा।

 

ईरानी सेना के प्रवक्ता ने कहा कि यमन व बहरैन में आले सऊद सरकार के विध्वंसक कुप्रयास और इराक़, सीरिया व अफ़ग़ानिस्तान में उसकी व्यापक आतंकी कार्यवाहियां इस बात की सूचक हैं कि ज़ायोनी, क्षेत्र में संकट को अधिक गहरा करने की कोशिश कर रहे हैं। ब्रिगेडियर जनरल मसऊद जज़ायरी ने आशा जताई कि अंतर्राष्ट्रीय संस्थाएं और मानवाधिकार संगठन पहले से अधिक पश्चिम एशिया के क्षेत्र की कुछ सरकारों और अमरीका व ज़ायोनी शासन की कार्यवाहियों को दृष्टिगत रखेंगे। (HN)