हनिया को ईरान की बधाई, प्रतिरोध का समर्थन जारी रखने पर बल
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने हमास की राजनैतिक शाखा के नये प्रमुख को बधाई देते हुए ईरान द्वारा फ़िलिस्तीनी राष्ट्र के प्रतिरोध का समर्थन जारी रखने पर बल दिया।
विदेशमंत्री ने मंगलवार को हमास की राजनैतिक शाखा के नये प्रमुख इस्माईल हनिया के नाम बधाई संदेश में उनके चयन पर बधाई दी है।
श्री जवाद ज़रीफ़ ने अपने संदेश में आशा व्यक्त की है कि इस्माईल हनिया ईश्वर की सहायता और प्रतिरोध के अनुभव से लाभ उठाते हुए दूसरे प्रतिरोधकर्ताओं और प्रतिरोधकर्ता गुटों के साथ ज़ायोनी शासन और उसके घटकों की धमकियों का जिसने इस्लामी जगत की एकता को निशाना बना रखा है, मुक़ाबला करेंगे और मुसलमानों के मध्य मतभेद के बीच बोने और बैतुल मुक़द्दस व फ़िलिस्तीनी उमंगों को भुलाने का षड्यंत्र रखने वालों के षड्यंत्रों पर पानी फेर देंगे।
विदेशमंत्री ने एक बार फिर ज़ायोनी अतिग्रहण से स्वतंत्रता प्राप्त करने के लिए फ़िलिस्तीनी राष्ट्र के प्रतिरोध के समर्थन पर बल देेते हुए समस्त शहीद फ़िलिस्तीनी प्रतिरोधकर्ताओं को याद किया और इस्माईल हनिया के लिए ईश्वर से दुआएं की।
ज्ञात रहे कि पिछले शुक्रवार को फ़िलिस्तीन के पूर्व प्रधानमंत्री और हमास के वरिष्ठ नेता इस्माईल हनिया को हमास की राजनैतिक शाखा का प्रमुख चुना गया। इस्माईल हनिया ने ख़ालिद मअशल का स्थान लिया है। (AK)