चुनाव में ईरानी राष्ट्र की उपस्थिति, महत्वपूर्ण प्रतीकः वरिष्ठ नेता
वरिष्ठ नेता ने कहा है कि चुनाव, विभिन्न क्षेत्रों में ईरानी राष्ट्र की उपस्थिति का अति महत्वपूर्ण प्रतीक है।
विभिन्न क्षेत्रों में ईरानी राष्ट्र की उपस्थिति ने राष्ट्रीय सुरक्षा को सुनिश्चित बनाया जिसका महत्वपूर्ण प्रतीक, चुनावों में जनता की उपस्थिति है।
इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़्मा सैयद अली ख़ामेनेई ने ईरान में आगामी राष्ट्रपति और ग्राम तथा नगर परिषद के चुनावों से पहले बुधवार को जनता के विभिन्न वर्गों से भेंंट की। इस भेंट में उन्होंने स्पष्ट किया कि इस्लामी गणतंत्र ईरान ने बारंबार चुनाव का आयोजन करके विश्ववासियों की नज़रों में अपना महत्व बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान में चुनाव का दिन, त्योहार के समान है।
वरिष्ठ नेता ने क्षेत्रीय देशों में व्याप्त अशांति की ओर संकेत करते हुए कहा कि इन अशांत क्षेत्रों के बीच स्थित ईरान में बड़ी शांति के साथ चुनावी सरगर्मियां जारी हैं। उन्होंने कहा कि ईरान में पाई जाने वाली शांति, बहुत महत्व रखती है। आयतुल्लाहिल उज़्मा सैयद अली ख़ामेनेई ने कहा कि यह बात प्रशंसनीय है कि ईरान की आठ करोड़ जनता पूरे उत्साह के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में चुनाव की तैयारियां कर रही है।
उल्लेखनीय है कि ईरान में शुक्रवार 19 मई को राष्ट्रपति चुनाव होंगे जिनके साथ ग्राम और नगर परिषदों के लिए मतदान किया जाएगा।