सऊदी विमान को ईरानी युद्धक विमानों ने खदेड़ा
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i42754-सऊदी_विमान_को_ईरानी_युद्धक_विमानों_ने_खदेड़ा
ईरान के सांसद जवाद करीमी क़ुद्दूसी के हवाले से मीडिया में यह ख़बर आई है कि सऊदी अरब का एक सैनिक विमान ईरान की वायु सीमा में घुस आया था जिसे ईरानी युद्धक विमानों ने बाहर खदेड़ा।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
May ३०, २०१७ १३:०३ Asia/Kolkata
  • सऊदी विमान को ईरानी युद्धक विमानों ने खदेड़ा

ईरान के सांसद जवाद करीमी क़ुद्दूसी के हवाले से मीडिया में यह ख़बर आई है कि सऊदी अरब का एक सैनिक विमान ईरान की वायु सीमा में घुस आया था जिसे ईरानी युद्धक विमानों ने बाहर खदेड़ा।

ईरानी छात्रों की समाचार एजेंसी इसना के हवाले से रायुल यौम अख़बार ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि यह विमान गत बृहस्पतिवार को सऊदी अरब के दम्माम शहर के हवाई अड्डे से उड़ा और क़िरग़ेज़िस्तान की ओर रवाना हो गया। इस विमान पर सऊदी अरब के सैनिक अधिकारी सवार थे जो आतंकी संगठन दाइश के बारे में अमरीकी अधिकारियों से बातचीत के लिए क़िरग़ेज़िस्तान जा रहे थे।

सांसद ने बताया कि मध्यवर्ती ईरान के यज़्द शहर के राडार सिस्टम ने सऊदी विमान को देखा तो तत्काल तेहरान एयरपोर्ट से इस विमान को अनुमति दिए जाने के बारे में जानकारी ली जिससे पता चला कि सऊदी अरब के सैनिक विमानों को ईरान की वायु सीमा से गुज़रने की अनुमति नहीं है।

सांसद करीमी क़ुद्दूसी के अनुसार ईरान के युद्धक विमानों ने उड़ान भरी और सऊदी विमान को ईरानी वायु सीमा से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया जिसके बाद सऊदी विमान दम्माम एयरपोर्ट की ओर लौट गया।