तेहरान के आतंकवादी हमले समाप्त स्थिति नियंत्रण में- गृहमंत्रालय
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i43264-तेहरान_के_आतंकवादी_हमले_समाप्त_स्थिति_नियंत्रण_में_गृहमंत्रालय
ईरान के गृहमंत्रालय ने घोषणा की है कि बुधवार को राजधानी तेहरान में किये जाने वाले दोनों आतंकवादी हमले समाप्त हो गए।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jun ०७, २०१७ १४:४३ Asia/Kolkata
  • तेहरान के आतंकवादी हमले समाप्त स्थिति नियंत्रण में- गृहमंत्रालय

ईरान के गृहमंत्रालय ने घोषणा की है कि बुधवार को राजधानी तेहरान में किये जाने वाले दोनों आतंकवादी हमले समाप्त हो गए।

गृहमंत्रालय ने बयान जारी करके घोषणा की है कि आतंकवादियों के दो गुटों ने एक ही साथ दक्षिणी तेहरान में स्थित स्वर्गीय इमाम ख़ुमैनी के मज़ार और केन्द्रीय तेहरान में उस स्थान पर हमले आरंभ किये जहां पर सांसदों के कार्यालय हैं।  इन दोनो स्थानों पर आतंकवादियों ने अंधाधुंघ गोलीबारी करके शांत वातावरण को अशांत बनाने का प्रयास किया।

ईरान के गृहमंत्रालय ने अपने बयान में बताया है कि दो आतंकवादियों ने इमाम ख़ुमैनी के मज़ार पर हमला किया जिसमे से एक ने आत्मघाती बेल्ट से विस्फोट करके ख़ुद को मार डाला जबकि दूसरा आतंकवादी सुरक्षाबलों की गोलीबारी में मारा गया।

इस बयान में कहा गया है कि चार आतंकवादियों ने सांसदों के कार्यालय पर हमला करके अंधाधुंध गोलीबारी आरंभ कर दी।  सुरक्षाबलों की कार्यवाही के कारण एक आतंकवादी, आत्मघाती विस्फोट में मारा गया जबकि तीन अन्य सुरक्षाबलों की गोलियाों से मारे गए।

ईरान के गृहमंत्रालय के बयान में कहा गया है कि तेहरान में आज किये जाने वाले आतंकवादी हमलों में 12 लोग शहीद हो गए जबकि 42 अन्य घायल हो गए।

तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश ने इस हमले की ज़िम्मेदारी स्वीकार की है।