तेहरान पर आतंकी हमला, प्रजातंत्र से प्रतिशोध हैः रूहानी
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i43360-तेहरान_पर_आतंकी_हमला_प्रजातंत्र_से_प्रतिशोध_हैः_रूहानी
राष्ट्रपति रूहानी ने तेहरान में हुए हालिया आतंकी हमले को ईरान में सक्रिय प्रजातंत्र से प्रतिशोध बताया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jun ०९, २०१७ १०:३५ Asia/Kolkata
  • तेहरान पर आतंकी हमला, प्रजातंत्र से प्रतिशोध हैः रूहानी

राष्ट्रपति रूहानी ने तेहरान में हुए हालिया आतंकी हमले को ईरान में सक्रिय प्रजातंत्र से प्रतिशोध बताया है।

डाॅक्टर हसन रूहानी ने शुक्रवार को तेहरान के आतंकी हमलों में शहीद होने वालों के अंतिम संस्कार से पहले आयोजित एक सभा में, राष्ट्रपति चुनाव में जनता की भारी उपस्थिति की ओर संकेत करते हुए कहा कि जब भी ईरानी राष्ट्र कोई बड़ी सफलता अर्जित करता है तो उसके दुश्मन ईरान को नुक़सान पहुंचाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि बुधवार को तेहरान में हुई आतंकी कार्यवाही वास्तव में, प्रजातंत्र से प्रतिशोध है क्योंकि प्रजातंत्र, आतंकियों के वैचारिक आधार को ही समाप्त कर देता है और सिद्ध करता है कि हिंसा व बल, समाधान का मार्ग नहीं है।

यह भी पढ़ें: ईरान के ख़िलाफ़ मुख्य षड्यंत्रकारी अमरीका हैः वरिष्ठ सांसद

राष्ट्रपति रूहानी ने बल देकर कहा कि ईरान की जनता अपने लक्ष्यों की प्राप्ति तक पूरी एकता व एकजुटता के साथ अपने मार्ग पर डटी रहेगी और निश्चित रूप से वह सफल हो कर रहेगी। ज्ञात रहे कि बुधवार के आतंकी हमलों में शहीद होने वाले 17 लोगों के अंतिम संस्कार से पहले उन्हें विदा करने के लिए शुक्रवार को संसद के एक हाॅल में एक सभा का आयोजन किया गया जिसमें ईरान के उच्चाधिकारियों और शहीदों के परिजनों के अतिरिक्त बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। (HN)