ईरान के ख़िलाफ़ मुख्य षड्यंत्रकारी अमरीका हैः वरिष्ठ सांसद
ईरान की संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा व विदेश नीति आयोग के प्रमुख ने तेहरान में हुए हालिया आतंकी हमलों की तरफ़ इशारा करते हुए है कि इस बात में कोई शक नहीं है कि इन साज़िशों को मुख्य रूप से अपराधी अमरीका ने रचा है।
अलाउद्दीन बोरूजेर्दी ने तेहरान की नमाज़े जुमा के ख़ुत्बों से पहले भाषण करते हुए कहा कि अमरीका इस बात से क्रोधित है कि ईरान ने परमाणु मामले में उसे धूल चटा दी और अब वह पूरी तरह से परमाणु तकनीक संपन्न है। उन्होंने इसी तरह इराक़ व सीरिया संकट के समाधान को, ईरान के ख़िलाफ़ अमरीक की साज़िशों के अन्य मुख्य कारण बताया। बोरूजेर्दी ने कहा कि आतंकियों का लक्ष्य सांसदों को निशाना बनाना था लेकिन आईआरजीसी के जवानों की होशियारी से वे एेसा न कर सके।
बुधवार के आतंकी हमलों में शहीद होने वाले 17 लोगों को विदाई देने के लिए संसद के एक हाॅल में आयोजित एक सभा में इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता के कार्यालय के प्रमुख मुहम्मद मुहम्मदी गुलपायगानी ने अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प की रियाज़ यात्रा को इस आतंकी हमले का कारण बताया और कहा कि इस यात्रा में ईरान को नुक़सान पहुंचाने के लिए साज़िशें तैयार की गई हैं। उन्होंने इसी तरह इस आतंकी हमले में अनेक लोगों की शहादत पर वरिष्ठ नेता का संदेश भी पढ़ कर सुनाया।
इस अवसर पर संसद सभापति डाॅक्टर अली लारीजानी ने इस आतंकी हमले को ईरान में प्रजातंत्र के केंद्रों को निशाना बनाने के आतंकियों के कुप्रयासों का सूचक बताया। उन्होंने कहा कि आज ईरान दो दाइश से मुक़ाबला कर रहा है, एक क्षेत्रीय दाइश है और दूसरा अंतर्राष्ट्रीय दाइश। लारीजानी ने कहा कि जो लोग आतंकवाद को जड़ से उखाड़ फेंकना चाहते हैं उनके पास अंतर्राष्ट्रीय दाइश अर्थात अमरीका से संघर्ष के अलावा और कोई रास्ता नहीं है। (HN)