वर्तमान समय में इराक़ को एकजुट रखना ज़रूरीः ईरान
ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि एकजुट इराक़, इस देश के सभी वर्गों के हितों की पूर्ति करने वाला है।
इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार बहराम क़ासेमी ने इराक़ के कुर्दिस्तान क्षेत्र की स्वायत्तता के बारे मेंं जनमत संग्रह के निर्णय के संबन्ध में अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि ईरान की मूल नीति, इराक़ की संप्रभुता का समर्थन और सम्मान है।
बहराम क़ासेमी ने कहा कि इराक़ का कुर्दिस्तान क्षेत्र, इसी देश का एक भाग है और उसके बारे में इस प्रकार का कोई भी निर्णय, क्षेत्र में नई समस्याओं को जन्म देगा।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि वर्तमान समय में इराक़ को अधिक से अधिक शांति एवं स्थिरता की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बग़दाद और अरबील के बीच मतभेदों को वार्ता के माध्यम से हल किया जाए।
उल्लेखनीय है कि इराक़ के नियंत्रण वाले कुर्दिस्तान के कुछ राजनैतिक दलों ने बुधवार को एक बैठक करके यह निर्णय लिया है कि कु़र्दिस्तान के भविष्य के बारे में 25 सितंबर 2017 को जनमत संग्रह करवाया जाएगा।