आतंकियों को एेसा पाठ सिखाएंगे कि कभी भूल न पाएंगेः सेना प्रमुख
ईरान की सशस्त्र सेना के प्रमुख मेजर जनरल मुहम्मद बाक़िरी ने कहा है कि देश की सशस्त्र सेना, सुरक्षा संस्थाएं और गुप्तचर एजेन्सियां, आतंकवादियों, उनके क्षेत्रीय और विदेशी समर्थकों को कभी भुलाया न जाने वाला पाठ पढ़ाएंगी।
उन्होंने तेहरान में आयोजित एक कार्यक्रम के नाम अपने संदेश में कहा कि देश की सशस्त्र सेना, सुरक्षा संस्थाएं और गुप्तचर एजेन्सियां,पहले से अधिक मज़बूत इरादे के साथ आतंकवादियों से मुक़ाबले के लिए तैयार हैं और इस्लामी क्रांति के भौगोलिक क्षेत्र से आतंकवादियों का सफ़ाया निश्चित है। उनका कहना था कि देश के सुरक्षा बल और सुरक्षा एजेन्सियां, आतंकवादियों के विरुद्ध अपना एजेन्डा तैयार करेंगी।
मेजर जनरल मुहम्मद बाक़िरी ने कहा कि निसंदेह साम्राज्यवादी व्यवस्था और ज़ायोनिज़्म ने क्षेत्र के रूढ़ीवादियों और क़बाईली सरदारों की सरकार के साथ मिलकर तथा सऊदी अरब के पेट्रो डाॅलर की सहायता से जासूस संगठनों के पिट्ठुओं और प्रतिरोध के मोर्चे से घायल होने वालों से ईरानी राष्ट्र पर आतंकवादी हमला कराया है।
जनरल बाक़िरी ने सऊदियों के हालिया सोर्ड डांस में भाग लेने वालों और इस्लामी गणतंत्र ईरान की सुरक्षा के विरुद्ध ड्रामा करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि बहरहाल तेहरान में 7 जून को हमला करने वाले आतंकवादियों और उनके पिट्ठु अविस्मरणीय पाठ सीखेंगे और ज़िंदगी में कभी इस प्रकार की ग़लती दोहराने का साहस नहीं करेंगे। (AK)