अमेरिकियों को अमेरिकी सरकार की चिंता होनी चाहियेः ज़रीफ
ईरान के विदेशमंत्री ने कहा है कि अमेरिकियों को चाहिये कि वे ईरान की सरकार को बदलने के बजाये अपनी सरकार की सुरक्षा की चिंता करें।
विदेशमंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ ने ट्वीट किया है कि अमेरिकी अधिकारियों को सरकार परिवर्तित करने की कल्पना से पहले इतिहास पढ़कर उससे पाठ लेना चाहिये।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1953 में तेहरान में होने वाले विद्रोह और वर्ष 1979 में इस्लामी क्रांति के अनुभव ने सिद्ध कर दिया कि ईरान के लोग विदेशियों के प्रयासों के मुकाबले में अपना भविष्य निर्धारित करने के लिए प्रतिरोध करेंगे।
विदेशमंत्री ने कहा कि ईरान में सरकार बदलने और उस पर प्रतिबंध लगाने की नीति के विफल हो जाने के कई दशकों के बाद वाशिंग्टन ने विवश होकर वर्ष 1953 में होने वाले विद्रोह में अपने हस्तक्षेप के लिए माफी मांगी और यह स्वीकार किया कि समाधान का एकमात्र मार्ग वार्ता है।
मोहम्मद जवाद ज़रीफ ने कहा कि अमेरिकियों के लिए बेहतर यह है कि वे ईरान में सरकार परिवर्तित करने की सोच के बजाये अमेरिकी सरकार की सुरक्षा की चिंता करें। MM