ईरान पूरी शक्ति के साथ मीज़ाइल कार्यक्रम जारी रखेगा
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i46364-ईरान_पूरी_शक्ति_के_साथ_मीज़ाइल_कार्यक्रम_जारी_रखेगा
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि तेहरान, अमरीका की कार्यवाही पर जवाब का अधिकार सुरक्षित रखता है और पूरी शक्ति के साथ मीज़ाइल कार्यक्रम जारी रखेगा।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jul २९, २०१७ ०८:५३ Asia/Kolkata
  • ईरान पूरी शक्ति के साथ मीज़ाइल कार्यक्रम जारी रखेगा

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि तेहरान, अमरीका की कार्यवाही पर जवाब का अधिकार सुरक्षित रखता है और पूरी शक्ति के साथ मीज़ाइल कार्यक्रम जारी रखेगा।

बहराम क़ासेमी ने शनिवार को हमारे संवाददाता से बात करते हुए ईरान के विरुद्ध नए प्रतिबंध लगाने की अमरीका की शत्रुतापूर्ण कार्यवाही के बारे में कहा कि सैन्य व मीज़ाइल क्षेत्रों के बारे में ईरान की नीति पूरी तरह स्पष्ट है और दूसरों को इस बारे में हस्तक्षेप का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि ईरान का प्रतिरोधक व मीज़ाइल कार्यक्रम देश की प्रतिरक्षा और क्षेत्र की शांति, सुरक्षा व स्थिरता में सहायता के लिए है और इससे किसी भी पड़ोसी व अन्य देशों को ख़तरा नहीं है बल्कि यह ईरान पर किसी भी प्रकार के हमले को रोकने के लिए है।

 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने अमरीका की ओर से ईरान पर लगाए गए नए प्रतिबंधों की निंदा करते हुए इसे एक शत्रुतापूर्ण कार्यवाही बताया और कहा कि इसका कोई औचित्य नहीं पेश किया जा सकता। उन्होंने कहा कि अमरीका के इस क़दम से एक बहुपक्षीय व अंतर्राष्ट्रीय समझौते के रूप में परमाणु समझौता कमज़ोर हुआ है। बहराम क़ासेमी ने ईरान की ओर से आतंकवाद के समर्थन के अमरीकी आरोप के बारे में कहा कि ईरान ने आतंकवाद से संघर्ष के लिए बहुत कोशिश की है लेकिन अमरीका आतंकियों का समर्थन करके क्षेत्र में अशांति व तनाव बनाए रखना चाहता है। (HN)