तेहरान ने ईरान के ख़िलाफ़ रियाज़ के दावे को ख़ारिज कर दिया
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने सऊदी अरब के एक वरिष्ठ अधिकारी के ईरान के विरुद्ध दावे को ख़ारिज कर दिया है।
सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने दावा किया था कि तेहरान ईरान में स्थित सऊदी दूतावास व अन्य कूटनीयिक स्थलों की जांच की सऊदी प्रतिनिधिमंडल को अनुमति नहीं दे रहा है।
सऊदी अधिकारी के मुताबिक़, तेहरान में सऊदी दूतावास पर प्रदर्शनकारियों के हमले को ड़ेढ़ वर्ष से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन ईरानी अधिकारियों ने दोनों देशों के बीच कूटनीयिक संबंध न होने का बहाना बनाकर सऊदी प्रतिनिधिमंडल को जांच की प्रक्रिया पूरी नहीं करने दी है।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासेमी ने सऊदी अधिकारी के इस दावे को रद्द करते हुए कहा है कि सऊदी प्रतिनिधिमंडल को एक महीने पहले ही वीज़ा जारी किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि सऊदी प्रतिनिधिमंडल द्वारा वीज़ा के आवेदन के तुरंत बाद ही वीज़ा जारी कर दिया गया और योजना के अनुसार, 30 जुलाई को इस प्रतिनिधिमंडल को तेहरान की यात्रा करना थी, लेकिन सऊदी विदेश मंत्रालय ने यात्रा की तैयारी पूरी न होने के कारण इसे स्थगित कर दिया है।
उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि ईरान की सद्भावना देखकर सऊदी अधिकारी आश्चर्य में पड़ गए हैं और हमेशा की तरह उन्होंने आरोप लगाने शुरू कर दिए। msm