अमरीका की ओर से जेसीपीओए के उल्लंघन पर ईरान चुप नहीं बैठेगा
इस्लामी गणतंत्र ईरान के ख़िलाफ़ अमरीका की ओर से लगायी गयी ताज़ा पाबंदियों की तेहरान ने भर्त्सना करते हुए बल दिया है कि परमाणु समझौते जेसीपीओए के अमरीका की ओर से उल्लंघन पर ईरान ख़ामोश बैठा नहीं रहेगा।
बुधवार को अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने उस बिल पर दस्तख़त करके उसे क़ानून का रूप दे दिया जिसमें ईरान के ख़िलाफ़ उसके मीज़ाईल कार्यक्रम को लेकर नयी पाबंदियां लगाने का प्रावधान है। यह नया बिल पहले ही अमरीकी प्रतिनिधि सभा और सिनेट में भारी मत से पारित हो चुका है।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासेमी ने गुरुवार को कहा कि नयी पाबंदियों के बिल की पुष्टि अवैध, अतार्किक व नाकाम होने वाला क़दम है जो सभी मानवीय मूल्यों व अंतर्राष्ट्रीय नियमों के ख़िलाफ़ है।
बहराम क़ासेमी ने कहा कि अमरीका का यह क़दम सभ्य ईरानी जनता के साथ दुश्मनी की ताज़ा मिसाल और दुनिया में आज़ादी के इच्छुक लोगों का अपमान है। उन्होंने कहा कि अमरीका पर हुकूमत करने वाले युद्धोन्मादी, चमरपंथी तत्व और दुष्ट लोगों ने एक बार फिर ईरान के ख़िलाफ़ दुश्मनी का परिचय दिया है। (MAQ/N)