फ़ार्स की खाड़ी में अवैध गतिविधियों का कड़ा उत्तर दिया जाएगाः ईरान
ईरानी सेना के प्रवक्ता ने कहा है कि फ़ार्स की खाड़ी में विदेशी नौकाओं, बेड़ों या युद्ध पोतों की ग़ैर क़ानूनी हरकतों का ज़रूर जवाब दिया जाएगा।
ब्रिगेडियर जनरल मसऊद जज़ायरी ने रविवार को कहा कि फ़ार्स की खाड़ी में ईरानी सेना की नौकाओं और पोतों का रवैया पूरी तरह से पेशेवराना और अंतर्राष्ट्रीय क़ानूनों के परिप्रेक्ष्य में है। उन्होंने फ़ार्स की खाड़ी में ईरानी नौसेना की गतिविधियों को भड़काऊ बताने संबंधी पश्चिमी संचार माध्यमों के कुप्रचारों के बारे में कहा कि अगर फ़ार्स की खाड़ी से तेल टैंकरों और अन्य समुद्री जहाज़ों के शांतिपूर्ण ढंग से गुज़रने के संबंध में किसी भी तरह की रुकावट पैदा की गई तो ईरानी सेना उसका कड़ा उत्तर देगी।
ज्ञात रहे कि ईरान की इस्लामी क्रांति संरक्षक बल आईआरजीसी की नौसेना ने 28 जुलाई को एक बयान जारी करके फ़ार्स की खाड़ी में अमरीका की भड़काऊ और ग़ैर पेशेवराना कार्यवाहियों के दोहराए जाने के बारे में चेतावनी दी थी। इस बयान के अनुसार अमरीका के युद्धक जहाज़, फ़ार्स की खाड़ी में ईरान के रिसालत नामक तेल व गैस के एक क्षेत्र से काफ़ी निकट हो गए थे, उनके हेली काॅप्टरों ने उड़ानें भरी थीं और चेतावनी वाली फ़ायरिंग की थी। उससे पहले भी अमरीका के एक युद्धक जहाज़ ने फ़ार्स की खाड़ी में एक ईरानी नौका की ओर फ़ायरिंग की थी। (HH)