ईरान के साथ अधिक मज़बूत संबन्ध बनाएंगेः हमास
फ़िलिस्तीन के इस्लामी प्रतिरोध आन्दोलन हमास ने घोषणा की है कि वह इस्लामी गणतंत्र ईरान के साथ अधिक सुदृढ़ संबन्ध बनाएगा।
इस्लामी प्रतिरोध आन्दोलन हमास के अन्तर्राष्ट्रीय मामलों के प्रभारी ओसामा हमदान ने बताया है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान के अधिकारियों के साथ हमास के शिष्टमेडल के सदस्यों की वार्ताओं में फ़िलिस्तीन की भूमियों को स्वतंत्र कराने पर चर्चा हुई।
ओसामा हमदान ने कहा कि अली अकबर विलायती के साथ भेंट में फ़िलिस्तीनियों के विरुद्ध ज़ायोनी शासन के अत्याचारों पर चर्चा के साथ ही फ़िलिस्तीनियों के हर प्रकार के समर्थन पर बल दिया गया। अन्तर्राष्ट्रीय मामलों में इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता के सलाहकार विलायती ने कहा कि वरिष्ठ नेता, अवैध ज़ायोनी शासन के विरुद्ध संघर्ष पर हमेशा बल देते आए हैं। उन्होंने कहा कि ईरान ने अपनी क्षमता के अनुसार फ़िलिस्तीन की हमेशा सहायता की है।
ज्ञात रहे कि राष्ट्रपति डा. हसन रूहानी के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के उद्देश्य से फ़िलिस्तीन के इस्लामी प्रतिरोध आन्दोलन हमास का एक शिष्ट मण्डल ईरान आया था जिसने देश के कई वरिष्ठ अधिकारियों से भेंटवार्ता की।